नितेश वर्मा, बोकारो
बोकारो (ख़बर आजतक) : जिले के चास थाना क्षेत्र के राणा प्रताप नगर में 35 वर्षीय विवाहिता मिताली शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव घर के वेंटिलेटर में दुपट्टे से झूलता हुआ पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
सास का आरोप: दामाद ने की हत्या
मृतका की मां रत्ना सरकार ने अपने दामाद राज शर्मा पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने पति राज शर्मा को हिरासत में ले लिया है और फिलहाल उससे पूछताछ जारी है।
पति का दूसरी महिला से अफेयर का आरोप
पुलिस की जांच में यह जानकारी सामने आई है कि राज शर्मा का किसी अन्य महिला के साथ अफेयर था, जिसका उसकी पत्नी मिताली शर्मा विरोध करती थी। करीब 10 दिन पहले भी इसी विवाद को लेकर थाने में दोनों के बीच समझौता कराया गया था। चास थाना की एएसआई गीता कुमारी पांडे के अनुसार, स्थानीय लोगों ने भी राज शर्मा के किसी महिला के साथ संबंध होने की बात की पुष्टि की है।
13 वर्ष पुरानी शादी, घरेलू कलह ने लिया गंभीर रूप
मृतका की मां ने बताया कि मिताली की शादी 13 साल पहले राज शर्मा से हुई थी। शादी के 4 साल बाद काफी मन्नतों के बाद उनकी एक बेटी हुई। सबकुछ ठीक चल रहा था, लेकिन हाल के दिनों में पति का व्यवहार बदलने लगा। वह अक्सर रात के 3 बजे घर से निकल जाता और पूछने पर “मॉर्निंग वॉक” पर जाने की बात कहता। बाद में पता चला कि उसका किसी महिला के साथ संबंध है। विरोध करने पर मिताली को प्रताड़ित किया जाता था।
पुलिस की जांच जारी
फिलहाल पुलिस घटना के हर पहलू की जांच कर रही है। एएसआई गीता कुमारी पांडे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।