रांची (ख़बर आजतक) : फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को उद्योग सचिव अरवा राजकमल से मुलाकात कर राज्य में औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन और उद्योगों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में झारखंड के सफल प्रतिनिधित्व पर चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने बधाई देते हुए संभावित निवेश प्रस्तावों को शीघ्र धरातल पर उतारने की अपेक्षा जताई। महासचिव रोहित अग्रवाल ने मौजूदा उद्योगों की समस्याओं के समाधान पर भी प्राथमिकता देने का आग्रह किया।

बैठक में जियाडा की कार्यप्रणाली, लैंड बैंक, सिंगल विंडो सिस्टम के प्रभावी क्रियान्वयन और नेशनल सिंगल विंडो से इंटीग्रेशन पर चर्चा हुई। औद्योगिक क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया गया। पिछड़े जिलों में अतिरिक्त प्रोत्साहन के साथ क्लस्टर आधारित विकास का सुझाव दिया गया। उद्योग सचिव ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
