झारखण्ड राँची राजनीति

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 2258 दिन के रिकॉर्ड पर सियासी घमासान

भाजपा ने बताया उपलब्धि, कांग्रेस ने कसा तंज, झारखंड में भी तेज हुई बयानबाजी

नितीश मिश्रा, राँची

रांची (ख़बर आजतक) : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अब तक 2258 दिन कार्य करते हुए एक नया रिकॉर्ड बनाया है। इस उपलब्धि पर जहां भाजपा कार्यकर्ता उन्हें बधाई दे रहे हैं, वहीं विपक्षी दल इसे लेकर सरकार पर हमला बोल रहे हैं। इसका असर झारखंड की राजनीति में भी देखने को मिल रहा है।

कांग्रेस के प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा, “किस बात का जश्न मनाया जा रहा है? किस बात की शुभकामनाएं दी जा रही हैं? अमित शाह के कार्यकाल में क्या पीओके भारत में शामिल हो गया, या अमेरिका झुका? उल्टा अमेरिका ने लगातार टैरिफ बढ़ाए। केंद्रीय गृह मंत्री का कार्यकाल अब तक का सबसे निराधार साबित हुआ है।”

भाजपा का पलटवार

कांग्रेस के इस बयान के बाद भाजपा ने भी कड़ा पलटवार किया। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा, “अमित शाह का यह रिकॉर्ड उनके प्रभावी नेतृत्व और मजबूत कार्यशैली का प्रमाण है। कांग्रेस को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। इनके प्रधानमंत्री पाकिस्तान के सामने नतमस्तक रहते थे। आज भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार का गुणगान पूरा विश्व कर रहा है।”

प्रतुल शाहदेव ने आगे कहा कि अमित शाह के कार्यकाल में देश की आंतरिक सुरक्षा मजबूत हुई है और आतंकवाद पर नियंत्रण पाया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ आलोचना करने की राजनीति कर रही है जबकि भाजपा जनता के लिए काम कर रही है।

सियासी माहौल गरमाया

अमित शाह के इस रिकॉर्ड को लेकर झारखंड की सियासत में भी गरमाहट बढ़ गई है। भाजपा कार्यकर्ता जगह-जगह शाह को शुभकामनाएं दे रहे हैं और इसे उपलब्धि बता रहे हैं, जबकि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के अन्य दल इसे महज राजनीतिक प्रचार करार दे रहे हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह विवाद लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा और कांग्रेस के बीच टकराव को और तेज कर सकता है। वहीं भाजपा नेताओं का कहना है कि अमित शाह का रिकॉर्ड केवल पार्टी नहीं, बल्कि देश के लिए गर्व का विषय है।

Related posts

डिपार्टमेंट ऑफ लॉ एंड लीगल स्टडीज द्वारा वेबीनार का आयोजन पर हर्ष व्यक्त करते हुए कुलपति ने दी शुभकामना

admin

जनता दरबार में उपायुक्त ने समस्याओं के निष्पादन हेतु अधिकारियों को दिए निर्देश

admin

संत जेवियर्स बोकारो मे बड़े धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस

admin

Leave a Comment