रांची : कैंब्रियन पब्लिक स्कूल, कांके रोड में गुरुवार को सरहुल, ईद-उल-फितर और रामनवमी के अवसर पर विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। नर्सरी से तीसरी कक्षा तक के छात्र-छात्राओं ने ‘डिफरेंट फेस्टिवल्स वन स्पिरिट’ थीम पर भारत की साझा संस्कृति की आकर्षक झांकी प्रस्तुत की।

विद्यालय की निदेशक सह प्राचार्या परमजीत कौर ने कहा कि भारत विभिन्न धर्मों और भाषाओं का देश है, जिसकी मूल भावना एकता और अखंडता में निहित है। उन्होंने कहा कि हर पर्व प्रेम, सौहार्द और प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश देता है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। साथ ही बच्चों के लिए पूल लंच और वाटर गेम का भी आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और शिक्षक उपस्थित रहे।
