गढ़वा : पुलिस उप-महानिरीक्षक, पलामू क्षेत्र डाल्टनगंज, नौशाद आलम अंसारी (भा.पु.से.) ने बुधवार को गढ़वा समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का दौरा किया। उनके आगमन पर पुलिस अधीक्षक अमन कुमार (भा.पु.से.) ने बुके देकर स्वागत किया। इसके पश्चात उन्हें 12 जवानों और 2 हवलदारों द्वारा औपचारिक सलामी दी गई।

इसके बाद डीआईजी ने सभागार कक्ष में एक समीक्षात्मक बैठक की, जिसमें गढ़वा जिले के विभिन्न अनुमंडल व थाना क्षेत्रों के पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, नक्सल गतिविधियों पर निगरानी, और जनता दरबार में मिले आवेदनों के निष्पादन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
डीआईजी ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि—
- जनता की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और थानों में सम्मानजनक व्यवहार किया जाए।
- महिलाओं से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता दी जाए।
- जनता दरबार का आयोजन साप्ताहिक रूप से थाना या ब्लॉक स्तर पर थाना प्रभारी व अंचल अधिकारी की देखरेख में किया जाए।
- थाना में आवेदन देने वाले को रिसीविंग अनिवार्य रूप से दी जाए।
- पुलिसिंग में पारदर्शिता और नागरिकों के साथ सकारात्मक संवाद बनाए रखा जाए।
- पुलिस अधिकारियों को बुद्धिमत्ता और मर्यादा में रहकर कार्य करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गढ़वा के कार्यालय का भी दौरा किया और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन व कार्यालय की कार्यप्रणाली को बेहतर करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
यह दौरा जिले में पुलिस प्रशासन की कार्यशैली को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।