झारखण्ड राँची राजनीति

चाईबासा एमपी-एमएलए कोर्ट से राहुल गांधी को जमानत

भाजपा नेता प्रताप कटिहार द्वारा दर्ज मानहानि मामले में राहत, कोर्ट परिसर में कड़ी सुरक्षा

नितिश मिश्रा, राँची

राँची/चाईबासा (ख़बर आजतक) : कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बुधवार को चाईबासा स्थित एमपी-एमएलए विशेष अदालत से जमानत मिल गई। यह मामला भाजपा नेता प्रताप कटिहार द्वारा दर्ज मानहानि मुकदमे से जुड़ा हुआ है।

यह विवाद 28 मार्च 2018 को कांग्रेस अधिवेशन में दिए गए राहुल गांधी के बयान से उत्पन्न हुआ था। राहुल गांधी ने भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद भाजपा नेता प्रताप कटिहार ने 9 जुलाई 2018 को चाईबासा के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया था। बाद में यह मामला एमपी-एमएलए विशेष अदालत में स्थानांतरित कर दिया गया।

झारखंड हाई कोर्ट ने राहुल गांधी को 6 अगस्त 2025 को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने का निर्देश दिया था। इसी आदेश के अनुपालन में राहुल गांधी बुधवार को चाईबासा पहुंचे।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

राहुल गांधी की पेशी को लेकर जिला प्रशासन ने कोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की। पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई और कोर्ट परिसर में बैरिकेडिंग कर भीड़ को नियंत्रित किया गया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक राहुल गांधी के स्वागत के लिए मौजूद थे।

राहुल गांधी सुबह निर्धारित समय पर चाईबासा कोर्ट पहुंचे। कोर्ट के अंदर उन्होंने पूरी प्रक्रिया का शांति और संयम से पालन किया। उनके वकीलों ने जमानत याचिका दायर की, जिसे सुनने के बाद अदालत ने जमानत मंजूर कर ली और उन्हें राहत प्रदान की।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह

जमानत मिलने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने कोर्ट परिसर के बाहर राहुल गांधी के पक्ष में नारे लगाए और उनका स्वागत किया।

राजनीतिक प्रतिक्रिया

इस मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में भी हलचल है। कांग्रेस नेताओं ने इस फैसले को न्याय की जीत बताया, वहीं भाजपा नेताओं का कहना है कि मुकदमे की सुनवाई आगे भी जारी रहेगी।

राहुल गांधी के चाईबासा दौरे को लेकर स्थानीय स्तर पर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ी रही। जमानत मिलने के बाद राहुल गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उन्हें संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया।

Related posts

सोनाहातु में गूंज महोत्सव का भव्य समापन, विनोद बाबू की प्रतिमा का लोकार्पण

admin

Vedanta ESL Steel Limited celebrates Swachchata Hi Seva Campaign with various Cleanliness & Plantation Drives

admin

संवेदकों के भुगतान में देरी पर झारखण्ड चैम्बर की चिंता, सरकार से शीघ्र समाधान की मांग

admin

Leave a Comment