
खबर आजतक
बोकारो : चिन्मय विद्यालय, बोकारो में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के प्री-नर्सरी, द्वितीय एवं तृतीय कक्षा के नव नामांकित छात्रों के लिए भव्य स्वागत समारोह ‘सोउल्लास’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्रों के अभिभावकों ने भी भाग लिया, जहां उन्हें विद्यालय की उपलब्धियों, उद्देश्यों, सेवा कार्यों और संस्थागत संरचना के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

समारोह का शुभारंभ विद्यालय अध्यक्ष विश्वरूप मुखोपाध्याय, विद्यालय सचिव महेश त्रिपाठी, प्राचार्य सूरज शर्मा, उप प्राचार्य नरर्मेन्द्र कुमार, रश्मि सिंह, रश्मि शुक्ला एवं सोमा झा द्वारा दीप प्रज्वलन से किया गया। इसके बाद, विद्यालय के संगीत एवं नाट्य विभाग द्वारा स्वागत गीत और नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसने समा बांध दिया।
प्राचार्य सूरज शर्मा ने अपने स्वागत भाषण में विद्यालय की गौरवशाली परंपरा और शैक्षिक उत्कृष्टता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि चिन्मय विद्यालय, परम पूज्य स्वामी चिन्मयानंद महाराज के आदर्शों पर आधारित एक विशिष्ट शिक्षण संस्थान है, जो राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सफलता दर्ज करा रहा है।

विद्यालय ने NABET (नावेट) सर्टिफिकेशन, CBSE द्वारा ‘न्यू जनरेशन स्कूल’ का दर्जा और ब्रिटिश काउंसिल से विशेष प्रमाण पत्र प्राप्त किए हैं। उन्होंने सभी छात्रों एवं अभिभावकों को विश्वास दिलाया कि विद्यालय उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए पूर्ण रूप से समर्पित है और उन्हें केवल निडर होकर प्रयास करने की आवश्यकता है, क्योंकि प्रयास ही सफलता की कुंजी है।
सोनालीसा, सरिता वर्मा, आकांक्षा एवं पुनीत दोषी ने विद्यालय की आधारभूत संरचना, शुल्क, परिवहन सुविधा एवं शैक्षणिक उपलब्धियों पर एक PPT प्रस्तुति दी।

शिक्षकों का परिचय भी कराया गया, जिससे अभिभावक अपने बच्चों के मार्गदर्शकों से परिचित हो सके।
इस सत्र में अभिभावकों को विद्यालय की समस्त कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया, जिससे भविष्य में उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
कार्यक्रम के अंत में उप प्राचार्य नरेंद्र कुमार ने सभी अभिभावकों और गणमान्य अतिथियों को अपने बहुमूल्य समय देने के लिए धन्यवाद दिया। इस आयोजन का संचालन करुणा झा एवं स्पंदिता ने कुशलतापूर्वक किया।