रांची (ख़बर आजतक) : झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री और महागामा की विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने ठाकुरगंगटी प्रखंड में कई महत्वपूर्ण जल संसाधन एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं का शिलान्यास किया।

फूलवरिया पंचायत के ग्राम रतनपुर में ₹1.1 करोड़ की लागत से चेक डैम, बनियाडीह पंचायत के हसनान घाट के पास कोआ नदी में ₹1.3 करोड़ की चेक डैम, जोरिया में ₹1.7 करोड़ की बीयर निर्माण, पंजाड़ीह पंचायत के मुकेरीचक में ₹1.1 करोड़ की चेक डैम तथा ग्राम विधानपुर में ₹54 लाख की लागत से पोखर जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि ये योजनाएं जल प्रबंधन को मजबूत करेंगी, सिंचाई व्यवस्था बेहतर बनाएंगी और किसानों की आय बढ़ाने में सहायक होंगी। उन्होंने कहा कि इससे जल संचयन को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
स्थानीय लोगों ने योजनाओं के लिए मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
