रांची (ख़बर आजतक) : डीएवी पब्लिक स्कूल गांधीनगर में कक्षा-प्रबंधन विषय पर दो दिवसीय शिक्षक शिक्षण संवर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसमें सुरेंद्रनाथ सेंटेनरी स्कूल की प्राचार्या समिता सिन्हा और शैक्षिक समन्वयक अर्चना अग्रवाल मुख्य संवर्धक के रूप में उपस्थित रहीं।

विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार झा ने स्वागत संबोधन में कहा कि केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड पटना प्रक्षेत्र द्वारा आयोजित ऐसी कार्यशालाएं शिक्षकों को अद्यतन रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। शिक्षक राष्ट्र निर्माता होते हैं, इसलिए उन्हें कक्षा में ऐसा वातावरण बनाना चाहिए जहां छात्र सहजता से अधिक सीख सकें।
कार्यशाला में समिता सिन्हा ने प्रभावी कक्षा-प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डाला, वहीं अर्चना अग्रवाल ने पाठ योजना के अनुसार शिक्षण कार्य करने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम में विद्यालय के करीब 60 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया।
