झारखण्ड बोकारो शिक्षा

डीपीएस बोकारो में मेधा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन

विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाले तीन राज्यों के 80 विद्यार्थी सम्मानित

बोकारो (खबर आजतक): पढ़ाई के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा से विद्यालय, राज्य व देश का नाम रोशन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से डीपीएस बोकारो में बुधवार को मेधा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में शैक्षिक सत्र 2022-23 में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करनेवाले विद्यार्थियों के साथ-साथ सांस्कृतिक, इको फ्रेंडली, अनुशासन, नैतिक मूल्यों सहित स्कूल में स्टूडेंट काउंसिल के शीर्ष पद पर सेवा देने वाले कुल 34 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। वहीं, डीपीएस बोकारो द्वारा विगत 34 वर्षों से आयोजित की जा रही आर्यभट्ट गणित प्रतियोगिता (एएमसी) के विद्यालयवार एवं ओवरआल 45 विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। इनमें झारखंड सहित बंगाल और ओडिशा के प्रतिभागी भी शामिल रहे। समारोह के मुख्य अतिथि बोकारो स्टील प्लांट के अधिशासी निदेशक (संकार्य) बीके तिवारी ने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनकी हौसला-अफजाई की।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्री तिवारी ने छात्र-छात्राओं को आत्मविश्वासी, क्षमतावान एवं परिश्रमी बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे कल की आशा हैं। खुद पर भरोसा रखकर अपनी रुचि और क्षमता का भरपूर इस्तेमाल करते हुए सफल नागरिक बनें तथा 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने में अहम भागीदार बनें। संस्कृत के श्लोक ‘विद्या ददाति विनयम्…’ को उद्धृत करते हुए श्री तिवारी ने विद्यार्थियों को विनम्र बनकर धर्म के रास्ते पर चलने का संदेश दिया। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों से उन्होंने अपनी इच्छाएं अपने बच्चों पर न थोपने की अपील भी की। कहा कि हर बच्चा प्रतिभावान है। समारोह में सभी सम्मानित बच्चों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि अपनी विशिष्टताओं के कारण डीपीएस बोकारो ने इस शहर को अलग पहचान दिलाई है।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. एएस गंगवार ने अपने संबोधन में डीपीएस बोकारो की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए मेधा सम्मान समारोह की उपादेयता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय हर बच्चे की प्रतिभा को निखारने के लिये कटिबद्ध है। विद्यालय शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ नवाचार व रचनात्मकता को बढ़ावा देकर भावी नेतृत्वकर्ताओं का निर्माण कर रहा है।
इसके पूर्व, मुख्य अतिथि व प्राचार्य ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। विद्यार्थियों ने अतिथियों के सम्मान में ‘पधारो म्हारो देश…’ स्वागत गान के बाद विद्यालय गीत ‘आया है नया सवेरा…’ की सुमधुर प्रस्तुति की। स्कूल की हेड गर्ल अनमोली सिंह ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया। समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने मनोरम सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बहुरंगी छटा बिखेर सबकी भरपूर तालियां बटोरीं। दिव्य शक्ति थीम पर भरतनाट्यम और कत्थक नृत्य का सम्मिश्रण तथा नृत्यांगना सुधा चंद्रन की जिंदगी से प्रेरित नृत्य प्रस्तुत कर विद्यार्थियों ने सबकी भरपूर सराहना बटोरी।
इस क्रम में विद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘डिप्स रिफ्लेक्शन’ के 35वें संस्करण का विमोचन किया गया। वहीं, चेनाब सदन को सत्र 2022-23 के लिए बेस्ट हाउस का खिताब मिला। मंच संचालन स्कूल के विद्यार्थी उत्कर्ष, आव्या, समृद्धि और आद्या ने किया। धन्यवाद ज्ञापन हेड ब्वाय यश गौरव ने किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान से हुआ।

Related posts

नए फीचर्स और बेहतर माइलेज के साथ वापस आ रही Rajdoot Bike, बुलेट को देगी टक्कर

admin

आरयू के गृह विज्ञान विभाग में विश्व स्तनपान सप्ताह का आयोजन

admin

धनबाद में नकली लॉटरी रैकेट का भंडाफोड़, मास्टरमाइंड शेख मशीरूल गिरफ्तार

admin

Leave a Comment