राँची (ख़बर आजतक) : महान शिक्षाविद् एवं डी.ए.वी. आंदोलन के पुरोधा महात्मा नारायण दास ग्रोवर की पुण्यतिथि पर रांची के विभिन्न डी.ए.वी. विद्यालयों में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। कांके स्थित नीरजा सहाय डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल में प्रार्थना सभा के दौरान वैदिक हवन एवं पुष्पांजलि के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

विद्यार्थियों ने भाषण, कविता पाठ एवं प्रश्नोत्तरी के माध्यम से महात्मा ग्रोवर के जीवन, आदर्शों और योगदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या किरण यादव ने विद्यार्थियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

वहीं डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल सीसीएल गांधीनगर में भी विशेष प्रार्थना सभा सह यज्ञ का आयोजन किया गया। प्राचार्य प्रदीप कुमार झा ने कहा कि सेवा निवृत्ति के बाद भी बिना साधनों के सौ से अधिक विद्यालयों की स्थापना कर महात्मा ग्रोवर ने समाजहित के प्रति अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। विद्यालय परिवार ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
