खेल झारखण्ड राँची

डूरंड कप 2025 ट्रॉफी का XLRI, जमशेदपुर में भव्य अनावरण: राज्यपाल ने बताया झारखंड के लिए गौरव का क्षण

नितीश_मिश्र

राँची/ जमशेदपुर (खबर_आजतक): देश की सबसे प्रतिष्ठित फुटबॉल प्रतियोगिता डूरंड कप 2025 की ट्रॉफी का भव्य अनावरण जमशेदपुर के XLRI सभागार में हुआ। समारोह में झारखण्ड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और कहा कि यह अवसर झारखण्ड के लिए गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक है।

राज्यपाल गंगवार ने अपने संबोधन में कहा कि डूरंड कप केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध खेल परंपरा का प्रतीक है। “इस वर्ष जब डूरंड कप के कुछ मुकाबले झारखंड में आयोजित किए जा रहे हैं, यह राज्य की खेल संस्कृति के लिए मील का पत्थर साबित होगा,” उन्होंने कहा।

राज्यपाल संतोष गंगवार ने इस आयोजन को झारखंड के युवाओं के लिए प्रेरणा बताते हुए कहा कि यह राज्य में खेल भावना को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ पर्यटन, स्थानीय व्यवसाय और युवाओं के मनोबल को भी मजबूती देगा। उन्होंने फुटबॉल को अवसरों की समानता का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह खेल गली-कूचों से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने की संभावनाएँ रखता है और ग्रामीण व शहरी सभी युवाओं को समान मंच प्रदान करता है।

उन्होंने झारखंड को खेलों की भूमि बताया और कहा कि यहाँ के गाँवों में खेल एक परंपरा की तरह जीवित है। साथ ही, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चल रही खेल नीतियों की सराहना करते हुए उन्होंने ‘खेलो इंडिया’, ‘टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS)’ और हाल ही में घोषित ‘राष्ट्रीय खेल नीति 2025’ को दूरदर्शी कदम बताया।

समारोह के अंत में राज्यपाल ने भारतीय सेना, अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ, XLRI, स्थानीय प्रशासन तथा आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी और कामना की कि डूरंड कप 2025 झारखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा।

यह आयोजन राज्य में खेलों को लेकर बढ़ते उत्साह और संभावनाओं की एक झलक प्रस्तुत करता है।

Related posts

बोकारो : एकतरफा प्रेम और पारिवारिक तनाव ने ली भाई की जान, आरोपी अजय गुप्ता ने सुपारी देकर कराई हत्या

admin

बोकारो: गुरु गोविंद सिंह टेक्निकल कैंपस को NAAC द्वारा B++ ग्रेड, तकनीकी शिक्षा में बड़ा मुकाम

admin

मनन विद्या मनरखन महतो स्कूल में बाल दिवस समारोह आयोजित

admin

Leave a Comment