नितीश मिश्रा
रांची (ख़बर आजतक) : पारस HEC हॉस्पिटल में डॉक्टरों की टीम ने एक बेहद जटिल और जानलेवा प्रसूति बीमारी प्लेसेंटा परक्रिटा का सफल ऑपरेशन कर एक महिला की जान बचाई। यह सर्जरी स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ और लैप्रोस्कोपिक सर्जन Dr. Ritika Pathak के नेतृत्व में की गई। मरीज को पहले कई अस्पतालों में इस बीमारी की गंभीरता के कारण ऑपरेशन से मना कर दिया गया था।
प्लेसेंटा परक्रिटा एक दुर्लभ और गंभीर स्थिति होती है, जिसमें प्लेसेंटा गर्भाशय की दीवार को पार कर आसपास के अंगों, विशेषकर ब्लैडर तक पहुंच जाता है। ऐसी स्थिति में प्रसव के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव का खतरा रहता है। डॉक्टरों ने सावधानीपूर्वक योजना बनाते हुए सीजेरियन हिस्टरेक्टॉमी के साथ आंशिक सिस्टेक्टॉमी कर प्लेसेंटा और प्रभावित हिस्से को सुरक्षित रूप से हटाया।
अस्पताल के फैसिलिटी डायरेक्टर डॉ नितेश कुमार ने बताया कि विशेषज्ञ सर्जिकल तकनीक, विभिन्न विभागों के समन्वय और समय पर रक्त उपलब्ध होने से ऑपरेशन सफल रहा। फिलहाल मरीज स्वस्थ होकर अस्पताल से छुट्टी पा चुकी है।
