रांची: रांची विश्वविद्यालय की मेजबानी में आयोजित पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय फुटबॉल (पुरुष) प्रतियोगिता 2025–26 का उद्घाटन समारोह भव्य और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन कुलपति डॉ. डी. के. सिंह ने एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज़ के प्रवेक्षक प्रो. विशाल बन्नो की उपस्थिति में किया। डॉ. सिंह ने खेलों को अनुशासन, नेतृत्व और व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम बताया, वहीं प्रो. बन्नो ने सफल आयोजन के लिए आरयू को बधाई दी।
पहले दिन कई रोमांचक मुकाबले खेले गए। साईनाथ विश्वविद्यालय ने आलिया विश्वविद्यालय को 3–2 से हराया, जबकि बी. एन. मंडल विश्वविद्यालय ने बी. आर. ए. विश्वविद्यालय को 4–1 से पराजित किया। उद्घाटन मैच में पश्चिम बंगाल स्टेट विश्वविद्यालय ने तिलका मांझी विश्वविद्यालय को 10–0 से शिकस्त दी। मुर्शिदाबाद विश्वविद्यालय, उत्कल विश्वविद्यालय, फकीर मोहन विश्वविद्यालय और बहरामपुर विश्वविद्यालय ने भी अपने-अपने मुकाबले जीते। श्री श्री विश्वविद्यालय ने पेनल्टी शूटआउट में विधान कृषि विश्वविद्यालय को 5–4 से हराया। आयोजन के दौरान विश्वविद्यालय के कई पदाधिकारी व शिक्षक उपस्थित रहे।
