नितेश वर्मा, बोकारो
बोकारो (खबर आजतक) : बोकारो के शहरी क्षेत्रों में टॉवर से केबल चोरी की लगातार हो रही घटनाओं को लेकर पुलिस सतर्क हो गई थी। इस संदर्भ में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस उपाधीक्षक आलोक रंजन के नेतृत्व में विशेष छापामारी अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 16/17 जुलाई की रात को गुप्त सूचना मिली कि सेक्टर-4 थाना क्षेत्र के नटखट दुकान के पास लगे टॉवर से केबल चोरी की जा रही है।

सूचना मिलते ही छापामारी दल मौके पर पहुँचा और दो चोरों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक प्लास्टिक बोरे में टॉवर से काटे गए लगभग 70 मीटर केबल तार, एक हेक्सा ब्लेड, दो ब्लेड, एक चाकू और दो बैट्री बरामद की गई। पूछताछ के क्रम में आरोपियों की निशानदेही पर शहर के अन्य स्थानों से भी चोरी की गई सामग्री बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश कुमार (27 वर्ष) और राहुल कुमार उर्फ राहुल घांसी (23 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों ही सेक्टर-4 थाना क्षेत्र के झोपड़ी बस्ती के निवासी हैं।
इस मामले में इनके विरुद्ध सेक्टर-4 थाना कांड संख्या 49/2025 और 75/2025, धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
छापामारी दल में नगर डीएसपी के अलावा थाना प्रभारी संजय कुमार, अवेन्द्र कुमार साव, मुन्ना रमानी, सुनील मनोहर, सुरेश उरांव सहित कई आरक्षी शामिल थे।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में केबल चोरी के मामलों पर अंकुश लगने की संभावना है। पुलिस अधीक्षक ने टीम की तत्परता की सराहना की है।