बोकारो: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा 7 एवं 8 फरवरी को केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) का आयोजन किया जाएगा। बोकारो जिले में इसके लिए कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां दोनों दिनों की तीनों पालियों को मिलाकर 11,522 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सीटीईटी के सिटी कोऑर्डिनेटर एवं डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने बताया कि 7 फरवरी को केवल प्रथम पाली में 3,719 अभ्यर्थी पेपर-2 की परीक्षा देंगे। वहीं 8 फरवरी को प्रथम पाली में 5,040 अभ्यर्थी पेपर-2 और द्वितीय पाली में 2,763 अभ्यर्थी पेपर-1 में शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि परीक्षा के कदाचार-मुक्त एवं सुचारू आयोजन हेतु जिला प्रशासन के सहयोग से सभी केंद्रों पर पुख्ता व्यवस्था की गई है। प्रथम पाली के लिए प्रवेश सुबह 7:30 बजे तथा द्वितीय पाली के लिए दोपहर 12:30 बजे से शुरू होगा। सभी अभ्यर्थियों से समय पर पहुंचकर दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
