बोकारो (ख़बर आजतक) : बोकारो जिले के जदयू परिवार की ओर से सेक्टर 9 स्थित कामाख्या मंदिर परिसर में होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष राजा पांडे ने की। समारोह में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द व भाईचारे का संदेश दिया।
जदयू प्रदेश सचिव मनोज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि होली प्रेम, सद्भाव और खुशियों का त्योहार है, जो समाज में एकता को मजबूत करता है तथा मतभेद भुलाकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। जिलाध्यक्ष प्रदीप महतो व उपाध्यक्ष राजा पाण्डेय ने कहा कि यह पर्व प्रेम, भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने सभी से सामाजिक शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

मंदिर के संस्थापक रमेश पांडेय ने भी होली की शुभकामनाएं देते हुए ऐसे आयोजनों को सामाजिक एकता के लिए आवश्यक बताया। कार्यक्रम में कृष्ण सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरा माहौल उत्साह, उमंग और रंगों की खुशबू से सराबोर रहा।
