रांची : आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो रविवार को खटंगा, खेलगांव में आयोजित मिलन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सैकड़ों महिलाओं, युवाओं एवं समाजसेवियों को अंगवस्त्र पहनाकर पार्टी की सदस्यता दिलाई।

समारोह को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड आज विकास के रास्ते से भटक चुका है। खनिज संपदा से समृद्ध राज्य की पहचान अब केवल एक लेबर स्टेट के रूप में सिमट कर रह गई है। उन्होंने कहा कि राज्य को फिर से सही दिशा में ले जाने के लिए युवाओं को आगे आकर नेतृत्व संभालना होगा।
उन्होंने कहा कि लगातार युवा आजसू पार्टी से जुड़ रहे हैं, जिससे संगठन मजबूत हो रहा है। सभी को एकजुट होकर झारखंड के नवनिर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय महासचिव दीपक महतो, केंद्रीय सचिव जितेंद्र सिंह, रांची जिलाध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य संजय महतो, युवा आजसू के प्रदेश संयोजक गदाधर महतो, रांची महानगर अध्यक्ष अमित यादव सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
