झारखण्ड राँची राजनीति

मोदी परिवार के हुए लोबिन, बोले – “अब झामुमो गुरुजी का नही, दलाल बिचौलिए का हो गया”

रिपोर्ट : नितीश मिश्र

राँची(खबर_आजतक): भाजपा में लगातार शामिल होने का तांता लगा हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के शुक्रवार को भाजपा में शामिल होने के बाद शनिवार को झामुमो के कद्दावर नेता 5 बार से विधायक रहे लोबीन हेम्ब्रम ने भी शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में सदस्यता ग्रहण की।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, असम सरकार के मुख्यमंत्री एवं झारखण्ड विधानसभा चुनाव के सह प्रभारी हिमंता विश्व सरमा, नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने उन्हें विधिवत भाजपा की सदस्यता दिलाई।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, मधु कोड़ा, सीता सोरेन भी उपस्थित थे। इस कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री मनोज कुमार सिंह ने किया।

वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखण्ड की फिजा बदल रही है। परिवर्तन की बयार बह रही है। आज अलग राज्य के लिए खून पसीना बहाकर आंदोलन को सींचने वाले अपमानित हो रहे और दलाल बिचौलिए सत्ता का सुख भोगते हुए मालामाल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन्हें झारखण्ड का दर्द है, जिन्हे मिट्टी से प्यार है, संस्कृति को बचाना चाहते हैं वे झामुमो छोड़कर भाजपा में आ रहे।

उन्होंने कहा कि चंपाई सोरेन, लॉबीन हेंब्रम, जैसे लोगों में यही भरोसा और विश्वास बढ़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अलग राज्य दिया। ढाई वर्ष बीतते बीतते श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई ने अपनी सरकार में अलग झारखंड राज्य का सपना साकार किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा का इरादा मजबूत है। पार्टी जो कहती है वही करती है। इस बात को लोविन हेंब्रम ने भी पहचाना। उन्होंने कहा कि भाजपा आदिवासी समाज के विकास केलिए संकल्पित है,समर्पित है। अटल बिहारी वाजपेई ने केंद्र में अलग जनजाति मंत्रालय का गठन किया। संथाली भाषा को संविधान की 8वीं अनुसूची में शामिल कराया। नरेन्द्र मोदी की सरकार में सर्वाधिक जनजाति समाज के मंत्री हैं। भगवान बिरसा मुण्डा की जयंती पर न सिर्फ राज्य का गठन हुआ बल्कि मोदी सरकार ने बिरसा जयंती को जनजाति गौरव दिवस भी घोषित किया। आज देश की प्रथम नागरिक राष्ट्रपति संथाल आदिवासी समाज की बेटी द्रौपदी मुर्मू हैं।

उन्होंने कहा कि जनजाति समाज में भाजपा के प्रति विश्वास रोज बढ़ रहा है।

सदस्यता ग्रहण के बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोबिन हेंब्रम ने कहा कि झामुमो छोड़ने के लिए आज आंदोलनकारियों को मजबूर होना पड़ रहा है। अब झामुमो गुरुजी का झामुमो नही रहा। अब तीर धनुष में वो दम नही रहा। अब झामुमो दलाल बिचौलियों का झामुमो हो गया। उन्होने कहा कि बचपन से 2024तक ईमानदारी से पार्टी की सेवा की।

उन्होंने कहा कि हम सब शिबू सोरेन के अनुयायी रहे।उन्होंने हमेशा कार्यकर्ताओं को गलत कार्यों का विरोध करना सिखाया। आज हम सब उनके बताए रास्ते पर चलकर जब सदन से सड़क तक झारखण्ड के विरोध में होने वाले निर्णयों का विरोध कर रहे तो कोई सुनने वाला नहीं। उल्टा हमलोग अपमानित होने को मजबूर हुए। ऐसे में उस दल में रहने का कोई औचित्य नहीं। कहा कि भाजपा में आकर मैं खुशी का अनुभव कर रहा हूँ।

उन्होंने कहा कि आज झारखण्ड की अस्मिता पहचान खतरे में है। बांग्लादेशी घुसपैठियों से राज्य की डेमोग्राफी बदल गई है। घुसपैठिए आदिवासी बेटियों से शादी कर जमीन हथिया रहे। मारपीट कर गाँव छोड़ने को मजबूर कर रहे। आज गाय बथान में क्या हो रहा, गोपीनाथ पुर में क्या हो रहा? लेकिन झामुमो को तुष्टिकरण, वोट बैंक की चिंता है।

उन्होंने कहा कि भाजपा झारखण्ड बचाने की लड़ाई लड़ रही है। भाजपा ने अलग राज्य दिया। बनाया है तो बचाएगी भी और विकास भी करेगी।

Related posts

शिक्षक राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के आधार स्तंभ : डॉ. गंगवार

admin

सच्चा आनंद आंतरिक खुशी से मिलेगा : बिनोद चोपड़ा

admin

बच्चों की ट्रैफिकिंग के खिलाफ चलाया जनजागरूकता अभियान।

admin

Leave a Comment