रिपोर्ट : नितीश मिश्रा
रांची (ख़बर आजतक) : स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर राजधानी रांची के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों में राष्ट्रीय युवा दिवस श्रद्धा, उत्साह और प्रेरणादायी वातावरण के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं प्राचार्यों ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, बरियातु में आयोजित कार्यक्रम में प्राचार्य, शिक्षक एवं विद्यार्थियों ने स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि अर्पित की। कक्षा ग्यारहवीं के विद्यार्थियों द्वारा उनकी जीवनी पर आधारित प्रातःकालीन सभा का आयोजन किया गया। प्राचार्य संजय कुमार मिश्रा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि जुझारूपन से कठिनाइयों को जीता जा सकता है, जबकि आलस्य से सरल कार्य भी कठिन बन जाते हैं।

वहीं डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, सीसीएल गांधीनगर में राष्ट्रीय युवा दिवस का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण से किया गया। छात्रों ने उनके जीवन पर आधारित प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति दी तथा भक्तिमय गीत प्रस्तुत किया। कक्षा नवम के विद्यार्थियों ने प्रेरक भाषण दिए और क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। एनसीसी कैडेटों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार झा ने स्वामी विवेकानंद के विचारों की आधुनिक प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।

इसी क्रम में जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली के विद्यार्थियों ने रामकृष्ण मिशन आश्रम द्वारा आयोजित 55वीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। ‘स्वदेश मंत्र’ वाचन एवं क्विज प्रतियोगिता में परिनंदिनी, अस्मित कुमार सिंह, अपराजिता बनर्जी सहित कई विद्यार्थियों ने विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्राप्त किए। राज्यपाल संतोष गंगवार ने विजेताओं को सम्मानित किया।

नीरजा सहाय डीएवी स्कूल में भी राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया गया। शिक्षकों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित की गई। महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य एवं युवा कौशल विकास पर आधारित भाषण, कविता एवं उद्धरण प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम का संचालन कक्षा नौवीं की आतिफा ने किया। प्रधानाचार्या डॉ. किरण यादव ने विद्यार्थियों से स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलकर चरित्र निर्माण, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया।
