Uncategorized

विद्यार्थी विज्ञान मंथन – नेशनल के लिए झारखंड से चयनित 12 में से सर्वाधिक 5 विद्यार्थी डीपीएस बोकारो के

बच्चों की वैज्ञानिक प्रतिभा के विकास के लिए विद्यालय कटिबद्ध : प्राचार्य डॉ. गंगवार

बोकारो : डीपीएस बोकारो के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का परचम लहराया है। विज्ञान के क्षेत्र में देश की सबसे बड़ी प्रतियोगिता विद्यार्थी विज्ञान मंथन (वीवीएम) में इस विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने राज्य स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के बाद अब राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पैठ बनाने में कामयाबी पाई है। प्रतियोगिता के सबसे अंतिम चरण में होने वाले राष्ट्र स्तरीय शिविर के लिए झारखंड से चयनित कुल 12 विद्यार्थियों में से 5 अकेले डीपीएस बोकारो से ही हैं। पूरे झारखंड में यह कामयाबी पाने वाला डीपीएस बोकारो राज्य का एकमात्र विद्यालय है। नेशनल कैंप में इस स्कूल के पांच विद्यार्थियों सहित डीएवी हजारीबाग से चार तथा होलीक्रॉस हजारीबाग, डीएवी बरियातू (रांची) और डीएवी धनबाद से एक-एक विद्यार्थी चयनित हो सके हैं।
डीपीएस बोकारो से कक्षा – 8 की कैटेगरी में निर्वाण ने रैंक 1 और कुणाल आनंद ने रैंक 2 हासिल की। कक्षा 10 में स्वप्निल स्निग्ध को रैंक 1 एवं अभिनव अभि को रैंक 2 तथा कक्षा 11 में इशिता घोष को भी रैंक 2 मिली। वहीं, राज्य स्तरीय शिविर में 10वीं के छात्र आरुष बनर्जी ने तीसरी रैंक प्राप्त की। राज्य स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन हजारीबाग स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में किया गया था। इसमें झारखंड के विभिन्न जिलों से कुल 18 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। इनमें डीपीएस बोकारो से उक्त छह विद्यार्थी शामिल हुए और पांच राष्ट्र स्तरीय शिविर के लिए चुने गए हैं।
डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने अपने विद्यार्थियों की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं राष्ट्रीय स्तर के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि डीपीएस बोकारो बच्चों की वैज्ञानिक प्रतिभा के विकास को लेकर कटिबद्ध है। हाल ही में यहां के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस से लेकर इंडियन साइंस कांग्रेस तक में अपनी सशक्त भागीदारी से विद्यालय, शहर और पूरे राज्य का मान बढ़ाया है।

देश की सबसे बड़ी विज्ञान प्रतिभा-खोज प्रतियोगिता है वीवीएम

उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और एनसीईआरटी की ओर से आयोजित विद्यार्थी विज्ञान मंथन विज्ञान की सबसे बड़ी प्रतिभा-खोज प्रतियोगिता है। इस परीक्षा का मुख्य उद्देश्य बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि उत्पन्न करना तथा विज्ञान के क्षेत्र में भारतीय वैज्ञानिकों द्वारा किए गए योगदान से अवगत कराना है। यह परीक्षा तीन स्तरों पर आयोजित की जाती है। प्रथम स्तर पर इसका आयोजन स्कूल एवं कॉलेज में ऑनलाइन माध्यम से होता है। उसमें विजयी प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेते हैं। उसके बाद राष्ट्रीय स्तर पर तृतीय चरण की प्रतियोगिता होती है। इसमें कक्षा 6 से 11 तक के विद्यार्थी सम्मिलित हो सकते हैं। प्रतिभागियों को रसायन विज्ञान, भौतिकी-शास्त्र, जीव विज्ञान एवं गणित विषय की प्रायोगिक तथा लिखित परीक्षा में अपना सर्वश्रेष्ठ देना होता है।

Related posts

चित्रपट झारखंड फिल्म फेस्टिवल के दूसरे दिन 41 फिल्मों का हुआ प्रदर्शन, कल समापन समारोह में शामिल होंगे केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा

Nitesh Verma

लोकसभा में संजय सेठ के सवाल पर केंद्रीय मंत्री एस पी बघेल का जवाब

Nitesh Verma

G-20 की अध्यक्षता संभालते ही पीएम मोदी के फैन हुए बाइडन, कही ये बड़ी बात

Nitesh Verma

Leave a Comment