रांची : विश्व मौखिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर सिविल सर्जन कार्यालय रांची में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी एनसीडी डॉ. सीमा गुप्ता के नेतृत्व में चिकित्सकों, एनसीडी टीम एवं एएनएमटीसी की छात्राओं द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई।

रैली के माध्यम से लोगों को दांतों की नियमित सफाई, संतुलित आहार एवं समय-समय पर दंत जांच के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में वरीय दंत शल्य चिकित्सक डॉ. उषा सिंह, जिला दंत चिकित्सक डॉ. रोहित, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह सहित कई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में 14 से 19 मार्च तक दंत जांच अभियान चलाया गया। साथ ही 21 मार्च से 14 अप्रैल तक विशेष शिविरों का आयोजन होगा। इस दौरान बच्चों एवं आम नागरिकों को दंत रोगों से बचाव की जानकारी दी जाएगी।
अधिकारियों ने लोगों से नियमित दंत स्वच्छता अपनाने की अपील की।
