मिलन समारोह में विभिन्न राजनीतिक दलों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं, समर्थकों ने आजसू का दामन थामा

नितीश_मिश्र
राँची/बोेकारो(खबर_आजतक): आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा है कि चंदनकियारी राजनीति का शिकार हुआ है। आजसू पार्टी ही इसे संभालेगी और संवारेगी भी। वे बुधवार को चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित मिलन समारोह में बोल रहे थे। इस कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं, समर्थकों ने आजसू का दामन थामा।
इस दौरान सुदेश महतो ने कहा कि चंदनकियारी को एक अभिभावक चाहिए। सभी लोग मिलकर एक वातावरण तैयार करें, ताकि परिस्थितियां बदले। चंदनकियारी आजसू का गढ़ रहा है। आजसू पार्टी के नेता उमाकांत रजक ने इस चंदनकियारी को जिया है। यहाँ जिस दिन जिस परिवार को उनकी जरुरत पड़ेगी वे खड़े रहेंगे।
झारखंड में झामुमो के नेतृत्व में चल रही सरकार पर उन्होंने जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य जिन बुरे हालात से गुजर रहा है, उसमें हम सबकी जिम्मेदारी बढ़ जाती है। इस राज्य में उसूलों की नहीं वसूली की सरकार चल रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य जिन हालात से गुजर रहा है उसमें सबसे ज्यादा तकलीफ गरीब गुरबा सह रहे। इस सरकार की पहचान करनी हो तो सबसे निचले तंत्र पर नजर डालने की जरुरत है। थानेदार और सीओ सरकार का कोषाध्यक्ष बना बैठा है। दरअसल यह सरकार उसूलों के नहीं वसूली की हो गई है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन किसी एक विभाग के बारे में बता दें कि वहाँ काम हो रहा है। मुख्यमंत्री जहाँ हाथ रखें, घपले-घोटाले, घूसखोरी की परतें खुलेंगी।
उन्होंने ने कहा कि झारखंड ने एक वह दौर से भी देखा है जब सरकार लगातार अस्थिर होती रही। लेकिन अब पांच साल की सरकार बनने लगी है। लेकिन पांच सालों की सरकार में आम आदमी की टीस कहीं ज्यादा है। सुदेश ने कहा, ” राज्य में जिस तरह के राजनीतिक हालात बने हैं उसमें पहले आपको लीडर चुनना होगा, दल नहीं। जब आपका लीडर सोच वाला और तपा तपाया होगा तो आपके हित अधिकार के काम भी होंगे। वही लीडर जनता के सुख दुख का साथी हो सकता है। यही हो जा रही है कि हम हमेशा लीडर खड़ा करने के पक्षधर रहे हैं।
इस मिलन समारोह में गोमिया के विधायक डॉक्टर लंबोदर महतो ने कहा कि हेमन्त सरकार की पहचान भ्रष्टाचार और अराजकता है। अफसरशाही और बाबूगिरी का राज चल रहा है। इसे समाप्त करने का समय आया है इसलिए सोच समझकर चलना होगा।
चंदनकियारी के पूर्व विधायक उमाकांत रजक ने कहा कि आजसू पार्टी इस क्षेत्र और राज्य की दिशा दशा बदलने के लिए पहले से प्रतिबद्ध रही है। यही वजह है कि आजसू के प्रति राजनीतिक कार्यकर्ताओं और आम लोगों का विश्वास बढ़ता जा रहा है।
इस दौरान आजसू में शामिल होने वालो में अश्विनी महतो, पंचू महतो, मानिक ओझा, भागवत रजवार, कालीपद महतो, किशोर रजवार, निर्मय रवानी, विजय गोराई, संजीव कुमार राय के अलावा झामुमो से मो. अनवर अंसारी, अली रजा अंसारी, मुस्ताक अंसारी, जाबिर अंसारी, बंटी अंसारी आदि शामिल हुए।