
बेलगड़िया (बलियापुर) : झरिया से विस्थापित होकर बेलगड़िया फेज-2 स्थित क्वार्टर नंबर 148 में रह रहे 70 वर्षीय वृद्ध बबलू अधिकारी की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो की त्वरित पहल से एक बड़ी मानवीय मिसाल पेश की गई है।
बबलू अधिकारी पिछले एक सप्ताह से गंभीर रूप से बीमार थे। परिजनों का सहारा न होने के कारण वे बिस्तर से उठने और खाने-पीने में भी पूरी तरह असमर्थ हो गए थे। पड़ोस में रह रहे भाकपा माले के सक्रिय साथी सुरेश भुइयां एवं अन्य स्थानीय लोग अपनी क्षमता अनुसार पिछले कुछ दिनों से उनकी देखरेख और मदद कर रहे थे।
रविवार को जब बुजुर्ग की स्थिति अत्यधिक चिंताजनक हो गई, तो भाकपा माले के सक्रिय साथी सुरेश भुइयां और बबलू बाउरी ने सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो के प्रतिनिधि सह मीडिया प्रभारी शीतल दत्ता से संपर्क कर पूरी वस्तुस्थिति से अवगत कराया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शीतल दत्ता ने बिना किसी देरी के सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो को स्थिति की जानकारी दी। विधायक महतो ने तुरंत संवेदनशीलता दिखाते हुए निर्देश दिया कि बुजुर्ग को अविलंब बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जाए।
विधायक के निर्देश पर शीतल दत्ता ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराई। इसके बाद सुरेश भुइयां, बबलू बाउरी और एमडी अली ने मानव धर्म का पालन करते हुए बुजुर्ग को एंबुलेंस से पीएमसीएच अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। वर्तमान में बुजुर्ग का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
इस संवेदनशील पहल पर सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो ने कहा:
“मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। बुजुर्ग की स्थिति की जानकारी मिलते ही उनका समुचित इलाज कराना हमारी पहली प्राथमिकता थी। आगे भी इस विषय में जो भी संभव मदद होगी, उसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों से बात की जाएगी।”
वहीं, विधायक प्रतिनिधि शीतल दत्ता ने स्थानीय सहयोगियों को परामर्श दिया कि वे बुजुर्ग की स्थिति और सुरक्षा के मद्देनजर धनबाद उपायुक्त (DC) एवं स्थानीय थाना प्रभारी को भी एक लिखित आवेदन देकर पूरी वस्तुस्थिति से अवगत कराएं।
Leave a Reply