
रांची: रांची के नवपदस्थापित सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद ने सोमवार को सिविल सर्जन कार्यालय में विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर निवर्तमान सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार को चिकित्सकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने भावभीनी विदाई दी। पदभार संभालने के बाद डॉ. अमरेंद्र प्रसाद ने कहा कि आम जनता को गुणवत्तापूर्ण और

सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। वहीं, डॉ. प्रभात कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए सभी का आभार जताते हुए कहा कि टीमवर्क की बदौलत जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का सफल संचालन संभव हो सका। समारोह में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश सिंह, डीआरसीएचओ डॉ. असीम मांझी, डीटीओ डॉ. एस. बास्की सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने डॉ. प्रभात कुमार के योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Leave a Reply