
रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन संघर्ष, सादगी और स्वाभिमान का प्रतीक रहा। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन ने अपना पूरा जीवन आदिवासियों, किसानों, मजदूरों और वंचित समाज के अधिकारों के लिए समर्पित किया तथा झारखंड आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।
केशव महतो ने कहा कि दिशोम गुरु ने राजनीति को सत्ता नहीं, बल्कि समाज परिवर्तन का माध्यम माना। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा सामाजिक न्याय के लिए लगातार संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री रहते हुए भी शिबू सोरेन आम लोगों से जुड़े रहे और उनकी सादगी ने उन्हें जननेता की पहचान दिलाई।
कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि वर्ष 2026 में मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित किया जाना उनके लंबे सार्वजनिक जीवन और योगदान की राष्ट्रीय स्वीकृति है। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन की पुण्यतिथि पर उनके आदर्शों को अपनाने, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने और जनसेवा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लेना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
Leave a Reply