
नई दिल्ली/रांची: केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी ने झारखंड में जेपीएससी, जेएसएससी एवं अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों के प्रति चिंता जताते हुए राज्य सरकार से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह केवल भर्ती परीक्षा का नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य और उनके विश्वास का सवाल है। उनके अनुसार, हजारों छात्र न्याय की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं, लेकिन सरकार उनकी बात सुनने के बजाय चुप्पी साधे हुए है।
अन्नपूर्णा देवी ने विवादित भर्ती प्रक्रियाओं की सीबीआई जांच कराने तथा प्रतिबंधित एजेंसी टीडीपीएल द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षाओं को रद्द कर पारदर्शी प्रक्रिया से दोबारा परीक्षा कराने की मांग की। उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी झारखंड के छात्र आंदोलन को लेकर मौन रहने का आरोप लगाया। साथ ही दावा किया कि भाजपा ने शुरू से इस मुद्दे को उठाया, जिसके बाद जांच एजेंसियों की कार्रवाई शुरू हुई और जेपीएससी अध्यक्ष ने इस्तीफा दिया।
Leave a Reply