झारखण्ड राँची

जलमग्न हुई राँची, नगर निगम की विफलता पर संजय सेठ का हमला

नितीश मिश्र, राँची

राँची(खबर_आजतक): लगातार हो रही बारिश ने राजधानी राँची की पोल खोल दी है। शहर के कई इलाकों में जलजमाव की गंभीर स्थिति पैदा हो गई है। दुकानों से लेकर घरों तक में पानी भर गया है और जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुका है। हालात का जायजा लेने पहुंचे केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री और रांची सांसद संजय सेठ ने नगर निगम की कार्यशैली पर तीखा प्रहार किया।

संजय सेठ ने कहा कि नगर निगम की अकर्मण्यता और लापरवाही के कारण रांचीवासी आज नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी उन्होंने ऐसी ही स्थिति में नगर निगम को आगाह किया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने जोर देकर कहा कि रांची की इस भयावह स्थिति का एक मुख्य कारण नगर निगम का चुनाव न होना है। चुनाव के अभाव में वार्ड सदस्यों की गैरमौजूदगी से सफाई और निगरानी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने यह भी कहा कि रांची जैसे पहाड़ी इलाके में जलजमाव होना सोचनीय विषय है। उन्होंने शहर में नालों पर हो रहे अतिक्रमण को भी बड़ा कारण बताया और नगर निगम पर अतिक्रमण हटाने में उदासीनता का आरोप लगाया।

संजय सेठ ने कहा कि नगर निगम के पास सफाई और विकास के लिए पर्याप्त फंड नहीं है, और हर बार योजनाओं के लिए नगर विकास विभाग को पत्र लिखने की बात कह दी जाती है। उन्होंने शासन-प्रशासन से अपील की कि राँची की बदहाल स्थिति को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर ठोस कदम उठाए जाएँ।

Related posts

डीपीएस बोकारो में झारखंड के प्राचार्यों का हुआ जुटान

admin

स्वास्थ्य एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री बन्ना गुप्ता की बजट पर प्रतिक्रिया

admin

युवा राँची महानगर दुर्गा पूजा महासमिति महानगर कमिटी का गठन, कुमार मृणाल सिन्हा जिलाध्यक्ष व महिला मंडल अध्यक्ष पिया बर्मन बनाए गए

admin

Leave a Comment