प्रशांत अम्बष्ठ, गोमिया
गोमिया (ख़बर आजतक) : डीएवी पब्लिक स्कूल, टी.टी.पी.एस. ललपनिया में 21 जून 2025 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एवं विश्व संगीत दिवस बड़े ही उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री आकाश कुमार सिन्हा के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य, कला और संस्कृति से जोड़ने का सराहनीय कार्य किया।
कार्यक्रम की शुरुआत एक विशेष प्रार्थना सभा से हुई, जिसके पश्चात प्रशिक्षित प्रशिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। इस सत्र के माध्यम से बच्चों को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही रचनात्मक गतिविधियों के तहत रंगोली, चित्रकला और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।

इसी अवसर पर विद्यालय में विश्व संगीत दिवस भी उल्लासपूर्वक मनाया गया, जिसमें छात्रों ने विभिन्न वाद्ययंत्रों की मधुर ध्वनियों से वातावरण को संगीतमय बना दिया। उनकी प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रधानाचार्य श्री आकाश कुमार सिन्हा ने योग और संगीत को जीवन का अभिन्न अंग बताते हुए इनके लाभों को विस्तार से समझाया। उन्होंने छात्रों को इन विधाओं को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
यह आयोजन न केवल मनोरंजक रहा, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी साबित हुआ।