
बोकारो (ख़बर आजतक): पेटरवार स्थित प्लस टू विद्यालय के खेल मैदान में बिरसा बिनोद दिव्यांग तीरंदाजी अकादमी, बोकारो एवं झारखंड तीरंदाजी प्रशिक्षक समिति की ओर से आयोजित दीपक कर्मकार मेमोरियल झारखंड बिरसा मुंडा कप, स्टेज-2 राज्यस्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का समापन हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि आर्चरी में बच्चों के लिए कैरियर बनाने की अपार संभावनाएं हैं और बोकारो के ग्रामीण क्षेत्र से भी नई प्रतिभाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने इसे जिले के लिए गर्व की बात बताया। विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो ने घोषणा की कि जल्द ही कसमार प्रखंड में नियमित तीरंदाजी प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा।
कार्यक्रम में मांडू विधायक निर्मल महतो, सेवानिवृत्त न्यायाधीश संतोष अग्निहोत्री, जिला परिषद उपाध्यक्ष बबीता देवी, अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर अजय सिंह, पूर्व अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज एंजेला सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

परिणाम : बालिका वर्ग में पश्चिमी सिंहभूम की लवली कुमारी ने गोल्ड, रांची की मोनिता सिंकू ने सिल्वर और बोकारो की तनु कुमारी ने ब्रॉन्ज जीता। बालक वर्ग में दुमका के चंद्रमोहन सोरेन ने गोल्ड, पश्चिमी सिंहभूम के राजेश पूर्ति ने सिल्वर और सुन्नी हेम्ब्रम ने ब्रॉन्ज हासिल किया।
विजेताओं को ट्रॉफी, चेक और धनुष सेट देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान दीपक कर्मकार के परिजन भी मौजूद रहे और दिवंगत खिलाड़ी को श्रद्धांजलि दी।