नितीश मिश्रा
रांची: नेशनल हेराल्ड मामले में न्यायालय द्वारा सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी के खिलाफ ईडी के आरोप पत्र को खारिज किए जाने के बाद कांग्रेस ने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हरमु मैदान से विरोध मार्च निकालते हुए भाजपा मुख्यालय का घेराव किया।
इस मौके पर केशव महतो कमलेश ने कहा कि केंद्र सरकार ने बिना एफआईआर केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर कांग्रेस नेतृत्व को बदनाम करने की कोशिश की, लेकिन न्यायालय ने मामले को खारिज कर संविधान और न्यायपालिका की गरिमा की रक्षा की। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी और सीबीआई के जरिए विपक्षी नेताओं को डराने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बिना धन लेनदेन और संपत्ति हस्तांतरण के मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज करना दुर्भाग्यपूर्ण है। न्यायालय के फैसले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।
कार्यक्रम में कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता, विधायक एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
