रांची : भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी विशेष बुलेटिन के अनुसार जिले में अगले कुछ दिनों तक भारी ठंड एवं शीतलहरी की संभावना को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने अहम निर्णय लिया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर सभी निजी विद्यालयों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत कक्षा केजी से कक्षा 6 तक की सभी कक्षाएं 12 जनवरी से 14 जनवरी 2026 तक पूर्णतः स्थगित रहेंगी। वहीं कक्षा 7 से 12 तक की पढ़ाई सुबह 10 बजे से संचालित होगी।
विद्यालय प्रबंधन को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। परीक्षा की स्थिति में संचालन का निर्णय विद्यालय अपने स्तर पर ले सकेंगे। जिला प्रशासन ने अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।
