बोकारो (ख़बर आजतक) : बोकारो जिला कुश्ती संघ की ओर से सेक्टर-4 स्थित रॉयल पब्लिक स्कूल मैदान में एकदिवसीय अंडर-15 जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में करीब 50 महिला एवं पुरुष पहलवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विजेता खिलाड़ियों को मेडल और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पहलवान 11 फरवरी को रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोराबादी में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

कार्यक्रम का शुभारंभ बोकारो जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष धर्मवीर सिंह, विद्यालय के प्राचार्य मुकेश सर, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एंजेला सिंह, महंत रामकृष्ण तिवारी, राष्ट्रीय प्रशिक्षक मृत्युंजय नाथ चौधरी सहित अन्य अतिथियों द्वारा पहलवानों का हाथ मिलवाकर किया गया। अतिथियों को बुके व शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता से क्षेत्र में खेल भावना को बढ़ावा मिलेगा।
