बोकारो (ख़बर आजतक) : बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) ने अपने संविदा कर्मियों की सामाजिक और स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ‘संजीवनी’ नामक समूह स्वास्थ्य बीमा योजना की शुरुआत की है। इस योजना के तहत लगभग 7,000 संविदा कर्मियों को स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिलेगा। योजना का संचालन बोकारो वेलफेयर ट्रस्ट के माध्यम से किया जाएगा, जबकि बीमा कवरेज बजाज जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड द्वारा उपलब्ध कराया जा रहा है।

इसके अंतर्गत प्रत्येक बीमित कर्मी को एक वर्ष के लिए ₹4 लाख तक की इन-पेशेंट (IPD) चिकित्सा सुविधा और ₹1,500 तक की आउट-पेशेंट (OPD) सुविधा प्रदान की जाएगी। इससे कर्मियों और उनके परिवारों को आकस्मिक स्वास्थ्य खर्चों से आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।
संयंत्र प्रबंधन ने स्थानीय समुदाय के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए सेक्टर-11 में “कृतज्ञता पार्क” स्थापित करने की भी पहल की है। यह पार्क उन स्थानीय निवासियों के सम्मान में विकसित किया जाएगा, जिन्होंने संयंत्र के निर्माण और विकास में प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से योगदान दिया है। यह उद्योग और समाज के बीच मजबूत संबंधों का प्रतीक बनेगा।
इसके साथ ही, विस्थापित परिवारों और स्थानीय युवाओं के सशक्तिकरण के लिए भी कई कदम उठाए गए हैं। अप्रेंटिस प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को संवेदकों के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर रोजगार देने की व्यवस्था की गई है। अब तक 100 से अधिक युवाओं को समायोजित किया जा चुका है, जबकि अगले एक-दो महीनों में 125 और युवाओं को रोजगार देने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। प्लांट के प्रस्तावित विस्तारीकरण से रोजगार, उद्यमिता और क्षेत्रीय विकास के नए अवसर भी खुलने की संभावना है।
