रांची (ख़बर आजतक) : युवा आजसू की प्रदेश स्तरीय एकदिवसीय कार्यशाला रविवार को केंद्रीय कार्यालय में आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष व पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो मौजूद रहे। कार्यशाला में निर्णय लिया गया कि अप्रैल माह में युवा आजसू का केंद्रीय महाधिवेशन आयोजित किया जाएगा, जिसकी तिथि जल्द घोषित होगी। साथ ही सुदेश महतो सभी जिलों में युवाओं से संवाद भी करेंगे।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि युवाओं को संगठित और सशक्त नेतृत्व देने के उद्देश्य से युवा आजसू का गठन किया गया है। संगठन में जवाबदेह और वैचारिक कार्यकर्ता तैयार किए जाएंगे, जो झारखंडी मूल्यों और राज्य के औचित्य को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि बेहतर झारखंड निर्माण के लिए युवाओं को संघर्ष के लिए तैयार रहना होगा। वर्तमान परिस्थितियों में युवाओं को आगे आकर नेतृत्व संभालना होगा, तभी राज्य के विकास को नई दिशा मिल सकेगी।
इस अवसर पर मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत सहित कई नेताओं ने भी संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा आजसू के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
