झारखण्ड पलामू

पलामू में रसोई गैस आपूर्ति को लेकर उपायुक्त की बैठक, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

अरविन्द अग्रवाल


पलामू (ख़बर आजतक) : जिले में घरेलू एलपीजी (रसोई गैस) सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर सामने आई शिकायतों और उपभोक्ताओं की परेशानियों के बीच सोमवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त समीरा एस ने समाहरणालय सभागार में गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले में रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित कराने पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों से उनके यहां उपलब्ध सिलेंडरों और आने वाले दिनों में मिलने वाली गैस खेप की जानकारी ली। एजेंसियों ने बताया कि पहले की तरह ही गैस की आपूर्ति हो रही है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से उपभोक्ताओं द्वारा अचानक बड़ी संख्या में बुकिंग किए जाने से वितरण में दिक्कतें आ रही हैं। इस पर उपायुक्त ने गैस आपूर्ति में हॉस्टल, स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों और अस्पतालों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।


उपायुक्त ने कहा कि घरेलू गैस आवश्यक वस्तु अधिनियम के दायरे में आती है, इसलिए इसकी कालाबाजारी करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने गैस सिलेंडरों में टैम्परिंग या घरेलू सिलेंडर से गैस निकालकर व्यावसायिक सिलेंडरों में भरने की शिकायतों को गंभीर बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
बैठक में उन्होंने एजेंसियों को अपने निर्धारित क्षेत्र में ही गैस आपूर्ति करने का निर्देश दिया। निर्धारित क्षेत्र से बाहर वितरण करने पर भी कार्रवाई की बात कही गई। साथ ही एजेंसियों को केवल निर्धारित दिन पर ही बंद रखने और एजेंसी परिसर के बाहर संपर्क नंबर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया।
गैस वितरण के दौरान लगने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए उपायुक्त ने क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) के गठन की भी घोषणा की, जिसमें एमओ, एजेंसी प्रतिनिधि और पुलिस कर्मी शामिल रहेंगे। किसी भी समस्या की स्थिति में स्थानीय थाना प्रभारी, एमओ और बीडीओ से संपर्क करने को कहा गया।
उपायुक्त समीरा एस ने पलामूवासियों से अपील करते हुए कहा कि जिले में रसोई गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। इसलिए घबराकर अनावश्यक रूप से गैस बुकिंग करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि शहर के उपभोक्ता 25 दिन और ग्रामीण उपभोक्ता 45 दिन बाद ही गैस बुकिंग करें। प्रशासन सभी उपभोक्ताओं तक समय पर गैस पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, विभिन्न प्रखंडों के एमओ और गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद थे। वहीं आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के मार्केटिंग व एरिया ऑफिसर वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Related posts

हंसदेव जंगल को उजड़ने से बचाने के लिए भारत क्रांति पार्टी आंदोलन में भाग लेगा: विजय शंकर नायक

admin

काँके प्रखण्ड स्थित जुमार नदी पर ₹4 करोड़ 60 लाख की लागत से होगा पुल का निर्माण, हुआ शिलान्यास

admin

राँची में नवनिर्माण संकल्प सभा का आयोजन 8 सितंबर को, समस्त विधानसभा क्षेत्रों में सुदेश करेंगे नवनिर्माण संकल्प यात्रा

admin

Leave a Comment