रांची (ख़बर आजतक) : महापौर रोशनी खलखो के कक्ष में वाटर बोर्ड के अधीक्षण अभियंता व अन्य अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप महापौर नीरज कुमार भी उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी सरहुल पर्व को देखते हुए सभी आयोजन स्थलों पर पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने और संभावित समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा हुई। महापौर ने निर्देश दिया कि बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए सभी वार्डों में जरूरत के अनुसार पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने शहर में टूटे पाइपलाइनों को अविलंब ठीक करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी पानी टैंकरों की साफ-सफाई सुनिश्चित करते हुए उनमें जीपीएस सिस्टम को दुरुस्त रखने को कहा, जिससे पानी सप्लाई की निगरानी बेहतर हो सके।
बैठक में वाटर बोर्ड के अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
