रांची : वाईबीएन विश्वविद्यालय में शुक्रवार को जलवायु परिवर्तन एवं आकाशीय बिजली से बचाव को लेकर एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कर्नल संजय श्रीवास्तव, अध्यक्ष क्लाइमेट रेजिडेंट ऑब्जर्विंग सिस्टम प्रमोशन काउंसिल (CROPC), ने वैज्ञानिक उपकरणों के माध्यम से आकाशीय बिजली से सुरक्षा के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आकाशीय बिजली विशेषकर बारिश और तूफान के दौरान अधिक गिरती है, जिससे जान-माल की हानि हो सकती है। ऐसे में लाइटनिंग अरेस्टर जैसे उपकरणों का उपयोग कर घर, खेत, पशु-पक्षी और स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
कार्यक्रम का आयोजन स्कूल ऑफ साइंस के वनस्पति विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अर्पणा शर्मा के नेतृत्व में हुआ। कुलपति डॉ. सत्यदेव पोद्दार ने स्वागत भाषण दिया, जबकि विश्वविद्यालय के अध्यक्ष रामजी यादव ने अतिथि को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के डीन और विभागाध्यक्षों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
