
रांची: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के झारखंड आगमन पर शुक्रवार को राजधानी रांची में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। रांची एयरपोर्ट पर ढोल-नगाड़ों, पारंपरिक झारखंडी नृत्य और पुष्पवर्षा के बीच उनका अभिनंदन किया गया। भाजपा के झंडों, बैनरों और पोस्टरों से राजधानी का माहौल पार्टीमय नजर आया। कार्यकर्ताओं ने नारे लगाकर उत्साह जताया।
एयरपोर्ट से राष्ट्रीय अध्यक्ष सीधे भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे। यहां प्रदेश महिला मोर्चा ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कार्यालय परिसर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
तीन दिवसीय झारखंड प्रवास पर आए नितिन नवीन 24 अक्टूबर को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे। बैठक में राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी रणनीति पर चर्चा होगी। वे पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन भी देंगे।
स्वागत के दौरान प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी व संजय सेठ सहित कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।



