
सीवान के आलमापुर गांव में हादसा, सड़क पर बिखरा मकान के अगले हिस्से का मलबा
सीवान: बिहार के सीवान जिले के जामो थाना क्षेत्र स्थित आलमापुर गांव में शुक्रवार को पटाखों से भरे एक मकान में आग लगने के बाद भीषण विस्फोट हो गया। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। सीवान के पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने इसकी पुष्टि की है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आलमापुर निवासी मो. अमीरुद्दीन मियां के मकान में पटाखे रखे हुए थे। उन्हें पटाखों का कारोबारी बताया जा रहा है। घटना के समय मकान में कई लोगों के मौजूद होने की जानकारी सामने आई है। इसी दौरान पटाखों में आग लग गई। आग ने मकान में रखे अन्य पटाखों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिसके बाद लगातार धमाके होने लगे।
विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मकान के अगले हिस्से का मलबा सड़क पर जा गिरा। अचानक हुए धमाकों से गांव में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और मेडिकल टीम मौके पर पहुंची। उनकी मौजूदगी में राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है।
फिलहाल हादसे के कारणों और मकान में मौजूद लोगों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है। पुलिस की ओर से मामले की जांच और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।



