
धनबाद/चिरकुंडा। काली पूजा, दीपावली एवं महापर्व छठ को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर चिरकुंडा नगर परिषद की अध्यक्ष सुनीता देवी की अध्यक्षता में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपाध्यक्ष विजय यादव सहित सभी वार्ड पार्षद उपस्थित रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि त्योहारों से पहले सभी वार्डों में साफ-सफाई, बिजली एवं पेयजल से संबंधित व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाएगा, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अध्यक्ष सुनीता देवी ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र में लगभग 35 स्थानों पर काली पूजा आयोजित होती है। इन सभी स्थानों पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जाएगा तथा प्रत्येक पूजा स्थल पर दो-दो सफाईकर्मियों की तैनाती होगी। वहीं, छह से सात छठ घाटों पर भी विशेष सफाई और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वयं निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जाएगा।



