
रांची। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भ्रष्टाचार के मामलों में केवल आईपीएस अधिकारियों की गिरफ्तारी को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में जांच एजेंसियों की कार्रवाई प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंचती है, लेकिन पुलिस विभाग के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों पर कार्रवाई क्यों नहीं होती। उन्होंने सवाल किया कि आज तक कोई आईपीएस अधिकारी जेल की सलाखों के पीछे क्यों नहीं गया।

मरांडी ने कहा कि झारखंड में अलग राज्य बनने के बाद कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई हुई और उन्हें जेल जाना पड़ा। उन्होंने सवाल किया कि राज्य में कोयला, बालू, पत्थर और लौह अयस्क के कथित अवैध कारोबार तथा संगठित अपराध का नेटवर्क पुलिस संरक्षण के बिना कैसे चल सकता है।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों पर अवैध जमीन कारोबार और आपराधिक गिरोहों से कथित सांठगांठ के आरोपों का भी उल्लेख किया। मरांडी ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई में किसी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि जब आईएएस अधिकारियों पर कार्रवाई हो सकती है तो आईपीएस अधिकारियों को ऐसा कौन-सा सुरक्षा कवच मिला हुआ है।
Leave a Reply