
रांची: आजसू पार्टी की केंद्रीय कार्यालय हरमू में केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो की अध्यक्षता में प्रदेश स्तरीय बैठक हुई। इसमें संगठन विस्तार, पुनर्गठन और आगामी राजनीतिक एवं जनसंवाद कार्यक्रमों की रणनीति तय की गई। पार्टी ने निर्णय लिया कि सुदेश महतो विधानसभा वार सभी प्रखंडों में ‘जन की बात’ और ‘युवाओं से संवाद’ कार्यक्रम करेंगे। ‘कल, आज और कल का झारखंड’ विषय पर युवाओं और आम लोगों से रोजगार, शिक्षा, पलायन, कृषि, उद्योग तथा राज्य के भविष्य को लेकर सुझाव लिए जाएंगे।
बैठक में जेपीएससी-जेएसएससी आंदोलनरत छात्रों पर कथित हमले की कड़ी निंदा की गई। आजसू ने कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर कार्रवाई या हमला लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। इसके विरोध में सभी जिला मुख्यालयों पर सरकार का पुतला दहन करने का निर्णय लिया गया। पार्टी ने दोषियों पर कार्रवाई और छात्रों को सुरक्षा देने की मांग की। एक सितंबर से प्रमंडलीय प्रभारी अपने क्षेत्रों का दौरा कर संगठन की समीक्षा करेंगे। बैठक में एमएमडीआर संसोधन अधिनियम, 2026 पर भी चर्चा हुई।
Leave a Reply