
गोड्डा: झारखंड प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर गोड्डा जिला कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ उपायुक्त कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह भी शामिल हुईं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक 2026 और चंदा चोरी के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा राज्य की पहचान और अधिकार से जुड़ी है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र पर झारखंड का करीब 1.36 लाख करोड़ रुपये का खनिज रॉयल्टी बकाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रस्तावित कानून से राज्य के राजस्व अधिकार प्रभावित होंगे। सेस से मिलने वाली करीब 14 हजार करोड़ रुपये की राशि पर भी असर पड़ने की बात कही।
चंदे के मुद्दे पर उन्होंने पारदर्शिता की मांग करते हुए कहा कि आस्था के नाम पर जुटाए गए धन का हिसाब जनता को मिलना चाहिए। मंत्री ने परिसीमन और महिला अधिकारों के मुद्दे पर भी कांग्रेस के संघर्ष को जारी रखने की बात कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आंदोलन को प्रखंड, पंचायत और गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।
Leave a Reply