
रांची: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने विधानसभा घेराव के दौरान जेपीएससी अभ्यर्थियों एवं छात्रों पर लाठीचार्ज, वाटर कैनन और पुलिस कार्रवाई को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि संवाद की मेज पर संवेदना और सड़क पर दमन सरकार के दोहरे चरित्र को उजागर करता है।

सुदेश महतो ने जयपाल सिंह स्टेडियम पहुंचकर घायल एवं आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि कई युवा चोटिल हैं और उपचार करा रहे हैं। सरकार को दमन का रास्ता छोड़कर संवाद एवं समाधान की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। आजसू अध्यक्ष ने घायल छात्रों को समुचित चिकित्सा सुविधा, पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच और छात्रों की न्यायोचित मांगों पर तत्काल सार्थक वार्ता की मांग की। उन्होंने कहा कि लाठी के बल पर युवाओं की आवाज दबाई नहीं जा सकती।
Leave a Reply