
पेटरवार : पेटरवार प्रखंड के बुंडू पंचायत सभागार में रविवार को युवा भारत के तत्वावधान में कसमार एवं पेटरवार के युवा मंडलों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व मुखिया एवं ज्ञान-विज्ञान समिति के जिला उपाध्यक्ष पंकज कुमार सिन्हा ने की। मुख्य अतिथि के रूप में जिला युवा कार्यक्रम पदाधिकारी सौरभ कुमार उपस्थित रहे।

सौरभ कुमार ने युवाओं के समग्र विकास तथा केंद्र सरकार के माय भारत पोर्टल के उद्देश्य और महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस पोर्टल के माध्यम से देशभर में संचालित विभिन्न युवा विकास कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। युवा इन कार्यक्रमों से जुड़कर अपनी प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र निर्माण में भी सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि युवा मंडलों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रखंड स्तर पर लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं, ताकि अधिक से अधिक युवाओं तक माय भारत की योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी पहुंच सके। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्थापित माय भारत युवाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उन्हें नेतृत्व के अवसर उपलब्ध कराने का प्रभावी मंच है।

कार्यक्रम का संचालन सुरेंद्र ठाकुर ने किया। बैठक में सुनीता देवी, राज किशोर शर्मा, वीरेंद्र ठाकुर, राकेश कुमार मुंडा सहित बड़ी संख्या में युवा एवं युवा मंडलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
Leave a Reply