सिंदरी बाजार में चेम्बर के खिलाफ फूटा व्यापारियों का गुस्सा, पुनः चुनाव की उठी मांग

सिंदरी : सिंदरी बाजार में चेम्बर ऑफ कॉमर्स की कार्यशैली को लेकर व्यापारियों का आक्रोश खुलकर सामने आया। दर्जनों दुकानदारों ने चेम्बर की निष्क्रियता, मनमानी और कथित वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में बाजार में रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया।
व्यापारियों का आरोप है कि चेम्बर की निष्क्रियता का खामियाजा पूरे बाजार को भुगतना पड़ रहा है। कुछ सदस्यों पर अधिकारों के दुरुपयोग, महत्वपूर्ण निर्णयों को बिना आम सहमति के लेने तथा व्यापारियों के धन के दुरुपयोग के आरोप भी लगाए गए।
विरोध प्रदर्शन से पहले दुकानदारों का एक प्रतिनिधिमंडल चेम्बर के महासचिव संजय से मिला और अपनी नाराजगी जाहिर की। इसके बाद व्यापारियों ने पूरे बाजार में पैदल मार्च करते हुए नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने “बूढ़ी और बीमार चेम्बर नहीं चाहिए”, “लंगड़ी और लाचार चेम्बर बदल डालिए” तथा “भ्रष्ट और बेईमान चेम्बर बदल के रहेंगे” जैसे नारे लगाए।
व्यापारियों ने महासचिव से जल्द आम बैठक बुलाने की मांग करते हुए कहा कि चेम्बर की गिरती कार्यशैली को सुधारने के लिए पुनः चुनाव कराया जाना चाहिए। उनका कहना है कि नई टीम के गठन से बाजार के हितों की बेहतर तरीके से रक्षा हो सकेगी।
रैली में विजय कुमार, अरुण कुमार, नबीक मंडल, अनूप कुमार सिंह, ऋषि शर्मा, मो. सलमान, मो. शमीम, राजेश रंजन, जे.पी. सिंह, करिमुल्ला, देवजीत नाथ, शशि शेखर, मो. गुलाम, मो. इरफान, प्रमोद भारद्वाज, दिनेश, कालू, विकास मित्तल, मो. माजिद, रमेश मोदी, दिलीप अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *