
रांची: कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने बुधवार को सदर अस्पताल में इलाजरत अनशनकारी छात्रों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। लगातार नौ दिनों से अनशन पर बैठे छात्रों की स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार छात्रों की मांगों के प्रति संवेदनशील है और लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने वाले छात्रों के साथ सरकार की सहानुभूति है।

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने छात्रों से अलग-अलग बातचीत कर उनकी मांगों और आंदोलन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि छात्रों की अधिकांश मांगों पर सरकार पहले ही सकारात्मक पहल कर चुकी है और शेष मांगों के समाधान को लेकर भी सरकार का रुख सकारात्मक है। संवाद के जरिए समाधान के लिए सरकार के दरवाजे खुले हैं।

छात्रों ने मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की को बताया कि सरकार से बातचीत के लिए आंदोलनकारियों की ओर से गठित डेलीगेशन में अनशनकारी छात्रों को शामिल नहीं किया गया था। मंत्री ने कहा कि बातचीत में सामने आए तथ्यों से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अवगत कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या का समाधान टकराव से नहीं, बल्कि संवाद और संवेदना से संभव है। युवाओं को राज्य की ताकत बताते हुए उन्होंने छात्रों से स्वास्थ्य का ध्यान रखने और सकारात्मक बातचीत के माध्यम से समाधान की प्रक्रिया में विश्वास बनाए रखने की अपील की।
Leave a Reply