
रांची: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों पर लाठीचार्ज, वाटर कैनन, आंसू गैस और कंटीले तारों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने 10 अगस्त की घटना को झारखंड के लिए काला दिवस बताते हुए कहा कि लाठी-गोली और दमन से छात्रों की आवाज दबाई नहीं जा सकती।

आदित्य साहू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे झारखंड के छात्रों के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपना रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी से छात्रों के साथ मुख्यमंत्री आवास के सामने धरना देने की अपील की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि छात्रों का आंदोलन अब पूरे देश का आंदोलन बन चुका है। उन्होंने छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग करते हुए कहा कि भाजपा की लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रहेगी।
Leave a Reply