Uncategorized

जनवरी में बीआईटी मेसरा में जुटेंगे देश-विदेश के जल विशेषज्ञ, 1000 से अधिक प्रतिनिधियों के आने की उम्मीद

Khaberaajtak@gmail.com1 min read

झारखंड में पहली बार होगा IWWA का राष्ट्रीय अधिवेशन, 140 से अधिक स्टॉलों की लगेगी तकनीकी प्रदर्शनी

रांची: इंडियन वॉटर वर्क्स एसोसिएशन (IWWA) का 59वां वार्षिक अधिवेशन 22 से 24 जनवरी 2027 तक बीआईटी मेसरा में आयोजित होगा। झारखंड में पहली बार होने जा रहे इस राष्ट्रीय अधिवेशन में देश-विदेश के 1000 से अधिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन IWWA के रांची केंद्र की ओर से बीआईटी मेसरा के सहयोग से किया जा रहा है।

अधिवेशन का मुख्य विषय ‘सतत भविष्य के लिए नवाचार एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता के माध्यम से स्मार्ट जल समाधान’ रखा गया है। इसमें जलापूर्ति, अपशिष्ट जल प्रबंधन और स्वच्छता से जुड़ी चुनौतियों के आधुनिक तकनीकी समाधानों पर चर्चा होगी। मलेशिया और जर्मनी सहित अन्य देशों के प्रतिनिधियों की भी सहभागिता अपेक्षित है।

आयोजन का प्रमुख आकर्षण 140 से अधिक स्टॉलों वाली तकनीकी प्रदर्शनी होगी। इसमें विभिन्न कंपनियां और संस्थान जल प्रबंधन से जुड़े नवीनतम उपकरणों एवं तकनीकों का प्रदर्शन करेंगे। आईआईटी, एनआईटी और अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञ, शोधकर्ता एवं विद्यार्थी तकनीकी सत्रों में अपने शोध और नवाचार प्रस्तुत करेंगे।

अधिवेशन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है, जबकि पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होने की सहमति दी है। कार्यक्रम में प्राप्त सुझावों और निष्कर्षों को झारखंड सरकार के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार, इस आयोजन से जल एवं स्वच्छता क्षेत्र में तकनीकी ज्ञान के आदान-प्रदान के साथ झारखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। प्रतिनिधियों को देवघर, रजरप्पा, रांची के जलप्रपातों और पतरातू घाटी के भ्रमण का अवसर भी दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *